स्विट्ज़रलैंड के ओल्टेन के निवासी पूरे शहर में चॉकलेट की बौछार से आश्चर्यचकित रह गए। पास की एक चॉकलेट फैक्ट्री में वेंटिलेशन सिस्टम ख़राब हो गया था, जिससे हवा में कोको फैल गया और क्षेत्र मिष्टान्न-भण्डार बन गया। चॉकलेट से ढक जाना चॉकलेट के शौक़ीन लोगों के लिए एक सपने के सच होने जैसा लगता है!
हालाँकि चॉकलेट किसी की पोषण संबंधी जरूरतों को पर्याप्त रूप से पूरा नहीं करती है, लेकिन परमेश्वर ने इस्राएलियों को स्वर्गीय वर्षा प्रदान की जिसने ये ज़रूरत पूरी भी की। उनकी जंगल में यात्रा के दौरान, वे मिस्र के विभिन्न प्रकार के भोजन को याद कर बड़बड़ाने लगे। जवाब में, परमेश्वर ने उनके लिए प्रयोजन किया “मैं तुम लोगों के लिये आकाश से भोजन वस्तु बरसाऊंगा” (निर्गमन 16:4)। जब हर दिन सुबह की ओस सूख जाती थी, तो भोजन की एक पतली परत बच जाती थी। लगभग 20 लाख इस्राएलियों को निर्देश दिया गया कि वे उस दिन जितनी ज़रूरत हो उतना इकट्ठा करें। जंगल में घूमने के चालीस वर्षों तक, उन्हें मन्ना द्वारा परमेश्वर के अलौकिक प्रावधान से पोषित किया गया था।
हम मन्ना के बारे में बहुत कम जानते हैं सिवाय इसके कि यह “धनिया के समान श्वेत था, और उसका स्वाद मधु के बने हुए पुए का सा था।” (पद 31)। हालाँकि मन्ना सुनने में चॉकलेट के जितना आकर्षक नहीं लगे, लेकिन अपने लोगों के लिए परमेश्वर के प्रावधान की मिठास स्पष्ट है। मन्ना हमें यीशु की ओर इंगित करता है जिसने स्वयं को “जीवन की रोटी” (यूहन्ना 6:48) के रूप में वर्णित किया है जो हमें प्रतिदिन संभालता है और हमें अनन्त जीवन का आश्वासन देता है (पद 51)।
परमेश्वर ने आपके लिए कैसे प्रावधान किया है? यीशु "जीवन की रोटी" होने के नाते आपको उस पर भरोसा करने के लिए कैसे प्रोत्साहित करते हैं?
पिता परमेश्वर, यीशु में मेरी गहरी ज़रूरत को पूरा करने और मुझे हर दिन संभालने के लिए धन्यवाद।
