रिद्धि का जन्म एक आदिवासी परिवार में हुआ था। वह चलने में असमर्थ थी। लेकिन जब पास के एक गाँव के मसीहियों ने उसके लिए प्रार्थना की, तो वह आश्चर्यजनक रूप से ठीक हो गई। तीन साल से भी कम उम्र में, उसने गाने बुदबुदाना और प्रार्थना में अपने हाथ जोड़ना शुरू कर दिया। इसने उसके गाँव के कई अन्य बच्चों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित किया। रिद्धि, वह नन्हीं बच्ची, अपने गाँव में परमेश्वर की सामर्थ्य की पहली गवाह बनी। उसकी वजह से, कई बच्चे और उनके पूरे परिवारों ने परमेश्वर पर अपनी आशा रखी।

बाइबल एक और छोटी लड़की के बारे में बात करती है जो परमेश्वर की सामर्थ्य की गवाह बनी। वह एक अनाम इस्राएली लड़की थी जिसे अरामी आक्रमणकारियों ने बंदी बना लिया था और वह अराम की सेना के कमांडर नामान के घर में काम करती थी। वह उसकी पत्नी की सेविका के रूप में काम करती थी (पद.2)। लेकिन जब उसने देखा कि उसका मालिक कोढ़ से पीड़ित है, तो इस अनाम लड़की ने अपनी मालकिन को यह बताने का साहस जुटाया कि “सामरिया का भविष्यद्वक्ता… उसे कोढ़ से ठीक कर देगा” (पद.3)। जब नामान भविष्यद्वक्ता एलीशा से मिलने गया और उसके वचनों पर ध्यान दिया, तो उसका शरीर पुनः स्वस्थ हो गया और “एक छोटे लड़के के समान शुद्ध” हो गया (पद.14)। चंगा होने के कारण, नामान भी एक विश्वासी बन गया और परमेश्वर की सामर्थ्य का गवाह बन गया (पद.14-17)।

रिद्धि और युवा इस्राएली लड़की की तरह, चाहे आपकी उम्र या स्थिति कुछ भी हो, आप परमेश्वर की महान आशा के वाहक हो सकते हैं। यीशु ने छोटे बच्चों की क्षमता को स्वीकार किया जब उसने उन्हें अपने राज्य के वारिस के रूप में पहचाना (मत्ती 19:14)। परमेश्वर के राज्य में कोई आयु सीमा नहीं है। जैसा कि बाइबल कहती है, “तू ने बच्चों और दूध पिउओं के द्वारा सामर्थ्य की नींव डाली है” (भजन संहिता 8:2)। कैरल मैकवॉन