“जेकब डायमंड” को दुनिया का पाँचवाँ सबसे बड़ा हीरा माना जाता है। यह एक रंगहीन हीरा है, जिसके विषय ऐसा कहा जाता है कि यह रत्न कई सालों तक खो गया था और भुला दिया गया था जब तक कि हैदराबाद के आखिरी निज़ाम को यह अपने दिवंगत पिता के जूते में नहीं मिला। अजीब बात यह है कि निज़ाम ने इस दुर्लभ खजाने को कई सालों तक एक पेपर वेट के रूप में इस्तेमाल किया जब तक कि इसे भारतीय रिजर्व बैंक ने 108 करोड़ रूपए की अद्भुत् कीमत पर संरक्षित कर लिया। उनके पिता ने अपने जूते में छोड़े गए हीरे से निज़ाम का जीवन समृद्ध कर दिया l
प्रेरित पौलुस कुरिन्थुस की कलीसिया का ध्यान यीशु की ओर आकर्षित करता है: सबसे मूल्यवान खजाना उन्हें हमारे परमेश्वर, पिता द्वारा दिया गया था (पद.4)। पौलुस लिखता है कि कुरिन्थियों को यीशु के साथ उसकी आत्मा के द्वारा जो संगति मिली थी, उसके कारण वे “समृद्ध” हुए हैं (पद.5-9)। वह उन्हें इस अमूल्य उपहार को महत्व देने का आग्रह करता है, जो कि मसीह है। वह उन्हें यह भी याद दिलाता है कि जब उनके पास मसीह होता है, तो उन्हें किसी चीज़ की कमी नहीं होती। इसके अलावा, पौलुस कलीसिया से आग्रह करता है कि वे उन अनेक “आध्यात्मिक वरदानों” पर विचार करें जो परमेश्वर ने उन्हें दिए हैं (पद.5-7)। उसका मानना है कि जब कलीसिया इस खजाने की रक्षा करती है, जो कि मसीह है, तो यह उन्हें उसके लौटने के दिन तक निर्दोष बने रहने में मदद करेगा।
जब हम जीवन से असंतुष्ट महसूस करते हैं, खासकर जब हम अपनी कमी के बारे में कुड़कुड़ाते हैं, तो हमें याद रखना चाहिए कि हम आंतरिक रूप से समृद्ध हैं क्योंकि हमारे पास यीशु है। हानि, वित्तीय उथल-पुथल, घरेलू संकट या किसी अन्य अशांति के दौरान, हमें याद रखना चाहिए कि हम भी अपने पिता द्वारा हर तरह से वास्तव में “समृद्ध” हैं। उसने पवित्र आत्मा की स्थायी उपस्थिति के द्वारा मसीह के खजाने को हमारे अंदर निवेश किया है (2 कुरिन्थियों 1:22)। —रेबेका विजयन
आप उन परिस्थितियों से कैसे निपट सकते हैं जो आपको असंतुष्ट करती हैं?
कुछ ऐसे तरीके क्या हैं जिनसे परमेश्वर ने आपको “समृद्ध” किया है?
यीशु, मुझे यह समझने में मदद करें कि जब मेरे पास आप हैं, तो मेरे पास सब कुछ है।
