
बैरियों के सिर पर अंगारे ड़ालना
डैन को उसी जेल प्रहरी से रोजाना पिटाई सहन करनी पड़ती थी। उसने महसूस किया कि यीशु ने उसे इस आदमी से प्यार करने के लिए बाध्य किया है, इसलिए एक सुबह, पिटाई शुरू होने से पहले, डैन ने कहा, “महोदय, अगर मैं जीवन भर आपको प्रतिदिन देखने जा रहा हूं, तो आइये हम दोस्त बन जाएं।” गार्ड ने कहा, “नहीं, हम कभी दोस्त नहीं हो सकते।” पर डैन ने अपनी बात पर जोर दिया और अपना हाथ बढ़ाया। पहरेदार कुछ भी नहीं बोल सका और शान्त खड़ा रहा। वह कांपने लगा, फिर उसने डैन का हाथ पकड़ लिया और छोड़ा नहीं। उसकी आंखों से आँसू बहने लगे। उसने कहा, “डैन, मेरा नाम रोसोक है। मैं आपका दोस्त बनना पसंद करूँगा।” उस दिन या फिर कभी बाद में भी गार्ड ने डैन को नहीं पीटा।
पवित्रशास्त्र हमें बताता है “यदि तेरा बैरी भूखा हो तो उसे भोजन खिलाना, यदि वह प्यासा हो तो उसे पानी पिला। ऐसा करने से तू उसके सिर पर अंगारे डालेगा, और यहोवा तुझे इसका फल देगा” नीतिवचन 25:21—22। कोयले की कल्पना मिस्र के एक अनुष्ठान (रिवाज़) को दर्शाती है जिसमें एक दोषी व्यक्ति अपने सिर पर गर्म अंगारों का कटोरा लेकर अपना पश्चाताप दिखाता है। इसी तरह, हमारी दयालुता हमारे शत्रुओं के चेहरे को शर्मिंदगी से लाल कर सकती है, जो उन्हें पश्चाताप की ओर ले जा सकती है।
आपका दुश्मन कौन है? आप किसे नापसंद करते हैं? डैन ने पाया कि मसीह की दया इतनी प्रबल थी कि वह किसी भी हृदय को बदल सकती थी — उसके शत्रु का और स्वयं उसका। हम भी ऐसा कर सकते हैं।

आसानी से कमाया जाने वाला धन
1700वे शतक के अंत में, एक युवक ने कनाडा के नोवा स्कोटिया के ओक द्वीप पर एक रहस्यमय गडढ़े की खोज की। यह अनुमान लगाते हुए कि समुद्री लुटेरों ने — शायद कैप्टन किड ने भी — वहाँ खजाना गाड़ दिया होगा, उसने और कुछ साथियों ने वहां पर खुदाई शुरू की। पर उन्हें कभी कोई ख़ज़ाना नहीं मिला, लेकिन अफवाह सब जगह फैल गई। सदियों से, अन्य लोगों ने उस जगह पर खुदाई करना जारी रखा: इसमें बहुत अधिक समय और धन खर्च हुआ। गड्ढा अब सौ फुट (तीस मीटर) से अधिक गहरा है।
इस तरह के जुनून मानव हृदय में खालीपन को प्रकट करते हैं। बाइबल की एक कहानी दिखाती है कि कैसे एक आदमी के व्यवहार से उसके दिल में ऐसी ही एक शून्यता प्रकट हुई। गेहजी लंबे समय से महान भविष्यद्वक्ता एलीशा का विश्वसनीय सेवक था। लेकिन जब एलीशा ने एक सेनापति के, जिसे परमेश्वर ने कुष्ठ रोग से चंगा किया था, भव्य उपहारों को अस्वीकार कर दिया, तो गेहजी ने लूट में से कुछ पाने के लिए एक कहानी गढ़ी (2 राजा 5:22)। जब गेहजी घर लौटा, तो उसने नबी से झूठ बोला (पद 25)। परन्तु एलीशा जानता था। उस ने उस से पूछा, “जब वह पुरूष तुझ से भेंट करने को अपके रथ पर से उतरा, तब क्या मेरा आत्मा तेरे साथ न था? (पद 26)। अंत में, गेहजी को वह मिल गया जो वह चाहता था, परन्तु जो महत्वपूर्ण था उसने उसे खो दिया (पद 27)।
यीशु ने हमें इस दुनिया के खज़ाने का पीछा नहीं करने और इसके बजाय “स्वर्ग में धन इकट्ठा करने की शिक्षा दी।” (मत्ती 6:20)। अपने दिल की इच्छाओं के लिए किसी भी शॉर्टकट (जुगाड़) से सावधान रहें। यीशु का अनुसरण करना, खालीपन को किसी वास्तविक चीज़ से भरने का तरीका है।

बलिदान को याद करना
रविवार की सुबह की आराधना सभा के बाद, मास्को में मेरे मेज़बान मुझे किले के बाहर एक रेस्तरां में दोपहर के भोजन के लिए ले गये। पहुंचने पर हमने क्रेमलिन की दीवार के बाहर एक अज्ञात सैनिक के मकबरे के पास शादी की पोशाक में नवविवाहित जोड़ों की एक पंक्ति देखी। उनकी शादी के दिन की खुशी में जान–बूझकर उन बलिदानों को याद करना शामिल था, जो दूसरों ने ऐसे दिन को संभव बनाने में मदद करने के लिए किए थे। यह एक गंभीर दृश्य था क्योंकि जोड़ों ने स्मारक पर शादी के फूल चढ़ाने से पहले तस्वीरें लीं।
हम सभी के पास उन लोगों के लिए आभारी होने का कारण है जिन्होंने हमारे जीवन में कुछ हद तक परिपूर्णता लाने के लिए बलिदान दिया है। उनमें से कोई भी बलिदान न तो महत्वहीन है, और न ही वे बलिदान सबसे महत्वपूर्ण हैं। केवल एक बलिदान ही ऐसा है — यीशु द्वारा हमारे लिए दिया गया बलिदान और जब हम क्रूस के नीचे खड़े होकर उस बलिदान को देखते हैं तो यह समझने लगते हैं कि हमारे जीवन किस तरह पूर्ण रूप से हमारे उद्धारकर्ता के ऋणी हैं।
प्रभु भोज में शामिल होना हमें यीशु के बलिदान की याद दिलाता है — रोटी और प्याले में चित्रित। पौलुस ने लिखा, “जब कभी तुम यह रोटी खाते, और इस कटोरे में से पीते हो, तो प्रभु की मृत्यु को जब तक वह न आए, प्रचार करते हो” (1 कुरिन्थियों 11:26)। काश कि प्रभु भोज की मेज़ पर हमारा समय हमें हर दिन उस बलिदान की याद और कृतज्ञता में जीने की याद दिलाये जो यीशु ने हममें और हमारे लिए किया है।

वह हमें नया बनाता है
एक यात्रा अधिकारी के रूप में, शॉन सेप्लर एक अजीब सवाल से जूझ रहे थे — होटल के कमरों में बचे हुये साबुन का क्या होता है? सेप्लर का मानना था कि जमीन के भराव (लैंडफिल) के लिए कचरे के रूप में फेंके जाने के बजाय लाखों साबुन के टुकड़ों को नया बनाया जा सकता है। इसलिए उन्होंने एक रीसाइक्लिंग (पुनरावर्तन) कार्य — क्लीन द वर्ल्ड आरम्भ किया, जिसने आठ हजार से अधिक होटलों, क्रूज लाइनों, और रिसॉर्ट्स को लाखों पाउंड के बेकार साबुन को कीटाणुरहित, नए ढाले हुए साबुन बार में बदलने में मदद की है। यह साबुन सौ से अधिक देशों में जरूरतमंद लोगों को भेजा गया। फिर से नया बना यह साबुन अनगिनत स्वच्छता संबंधी बीमारियों और मौतों को रोकने में मदद करता है।
जैसा कि सेप्लर ने कहा, “मुझे पता है कि यह अजीब लगता है, लेकिन आपके होटल के कमरे में काउंटर पर साबुन की वह छोटी सी टिक्की सचमुच एक जीवन बचा सकती है।”
किसी इस्तेमाल की गई या गंदी वस्तु को नया जीवन देने के लिए एकत्र करना हमारे उद्धारकर्ता, यीशु के सबसे प्यारे गुणों में से एक है। इस रीति से, जब उस ने पांच हजार की भीड़ को पांच छोटी रोटियां और दो छोटी मछलियाँ खिलाईं, उसने तब भी अपने शिष्यों से कहा, “बचे हुए टुकड़ों को इकट्ठा करो। कुछ भी फेंका न जाये (व्यर्थ न जाए) यूहन्ना 6:12।
हमारे जीवन में, जब हम असफल महसूस करते हैं, तो परमेश्वर हमें बेकार जीवन के रूप में नहीं बल्कि अपने चमत्कारों के रूप में देखता है। उसकी दृष्टि में हम कभी फेंके हुये नहीं हैं, हमारे पास नए राज्य के कार्य के लिए ईश्वरीय क्षमता है। “इसलिये यदि कोई मसीह में है, तो वह नई सृष्टि है, पुरानी बातें बीत गई हैं, देखो सब बातें नई हो गई हैं।” (2 कुरिन्थियों 5:17)। हमें नया क्या बनाता है? – हमारे भीतर मसीह।
