
अपना विश्वास साझा करें
1701 में, इंग्लैंड के चर्च ने दुनिया भर में मिशनरियों को भेजने के लिए “सोसाइटी फॉर द प्रोपेगेशन ऑफ द गॉस्पेल” की स्थापना की। उन्होंने जो आदर्श वाक्य चुना वह था “ट्रांज़िएन्स एडिउवा नोज़(transiens adiuva nos)—लैटिन में जिसका अर्थ है "आ,और हमारी सहायता कर।" यह पहली शताब्दी से सुसमाचार के राजदूतों का आह्वान रहा है, क्योंकि यीशु के अनुयायी उनके प्रेम और क्षमा का संदेश उस दुनिया तक ले जाते हैं, जिसे इसकी सख्त जरूरत है।
वाक्यांश "आ,और हमारी सहायता कर।" प्रेरितों के काम 16 में वर्णित "मकिदुनियाई पुकार” से आया है। पौलुस और उनकी मंडली एशिया माइनर (वर्तमान काल का आधुनिक तुर्की, पद- 8) के पश्चिमी तट पर त्रोआस पहुंची थी। वहाँ, "पौलुस ने रात को एक दर्शन देखा कि एक मकिदुनी पुरुष खड़ा खड़ा हुआ उससे विनती करके कह रहा है, “पार उतरकर मकिदुनिया में आ,और हमारी सहायता कर” (पद- 9)। दर्शन प्राप्त करने के बाद, पौलुस और उसके साथियों ने "तुरंत मकिदुनिया जाना चाहा " (पद- 10)। उन्होंने बुलाहट के बेहद ज़रूरी महत्त्व को समझा।
हर किसी को समुद्र पार करने के लिए नहीं बुलाया जाता है, लेकिन हम अपनी प्रार्थनाओं और धन से उन लोगों का समर्थन कर सकते हैं जो ऐसा करते हैं। और हम सभी किसी को, चाहे कमरे के पार, सड़क पर, या समुदाय में, यीशु के सुसमाचार के बारे में बता सकते हैं। आइए प्रार्थना करें कि हमारा भला परमेश्वर हमें पार जाने में और लोगों को सबसे बड़ी मदद करने में सक्षम बनाएगा, वह है - यीशु के नाम में क्षमा प्राप्ति का अवसर।

शाश्वत विरासत
जब महामंदी के दौरान “डस्ट बोल” (Dust Bowl) नाम के रेतीले तूफ़ानों ने संयुक्त राज्य अमेरिका को तबाह कर दिया था, तब कैनसस, हियावाथा के निवासी जॉन मिलबर्न डेविस ने अपने लिए प्रसिद्धि और सम्मान प्राप्त करने का फैसला किया। अपने बल-बूते पर करोड़पति बने निःसंतान, डेविस ने दान या आर्थिक विकास में निवेश करने के बजाय, बड़े खर्च पर, स्थानीय कब्रिस्तान में अपनी और अपनी मृत पत्नी की ग्यारह आदमकद मूर्तियाँ खड़ी कर दीं ।
डेविस ने पत्रकार एर्नी पाइल से कहा, "कैनसस में वे मुझसे नफरत करते हैं।" स्थानीय निवासी चाहते थे कि वह अस्पताल, स्विमिंग पूल या पार्क जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण के लिए धन दें। फिर भी उन्होंने बस इतना ही कहा, "यह मेरा पैसा है और मैं इसे अपनी इच्छानुसार खर्च करता हूँ।"
राजा सुलैमान, जो अपने समय का सबसे धनी व्यक्ति था, ने लिखा, "जो रूपए से प्रीति रखता है वह रूपए से तृप्त न होगा” "जब सम्पत्ति बढ़ती है तो उसके खाने वाले भी बढ़ते हैं” (सभोपदेशक 5:10-11)। सुलैमान धन की भ्रष्ट करने वाली प्रवृत्तियों के प्रति भली-भांति परिचित हो गया था। प्रेरित पौलुस ने भी धन के लालच को समझा और अपना जीवन यीशु की आज्ञाकारिता में लगाने का निर्णय लिया। रोमन जेल में फाँसी की प्रतीक्षा करते हुए, उन्होंने विजयी भाव से लिखा, "क्योंकि अब मैं अर्ध की नाई उंडेला जाता हूं, और मेरे कूच का समय आ पहुंचा है।मैं अच्छी कुश्ती लड़ चुका हूं मैं ने अपनी दौड़ पूरी कर ली है, मैं ने विश्वास की रखवाली की है।" (2 तीमुथियुस 4:6-7)।
जो हम पत्थर में तराशते हैं या अपने लिए जमा करते हैं, वो सदा के लिए बना नहीं रहता है। यह वह है जो हम एक-दूसरे के लिए और उसके लिए प्यार से देते हैं - वह जो हमें दिखाता है कि प्यार कैसे करना है।

सिर्फ़ परमेश्वर ही संतुष्टि दे सकता है
बहुत बड़ा झींगा, शावर्मा, सलाद, और बहुत कुछ - हज़ारों रुपये के मूल्य का भोजन - एक घर के मालिक को दिया गया। लेकिन वह आदमी पार्टी नहीं कर रहा था। वास्तव में, उसने स्मोर्गास्बोर्ड (बुफे जो विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ और व्यंजन पेश करता है)का ऑर्डर नहीं दिया था; बल्कि उसके छह साल के बेटे ने किया था। यह कैसे हो गया? पिता ने अपने बेटे को सोने से पहले अपने फोन से खेलने दिया और बेटे ने इसका इस्तेमाल कई रेस्तरां से महंगे इनाम खरीदने के लिए किया। "तुमने ऐसा क्यों किया?" पिता ने अपने बेटे से पूछा, जो उसकी रजाई के नीचे छिपा हुआ था। छह साल के बच्चे ने उत्तर दिया, "मैं भूखा था।" लड़के की भूख और अपरिपक्वता के कारण इसका परिणाम महंगा पड़ा।
एसाव की भूख की कीमत हजारों रुपये से भी अधिक थी। उत्पत्ति 25 की कहानी में वह थका हुआ और भोजन के लिए बेचैन दिखता है। उसने अपने भाई से कहा, “उसी लाल वस्तु में से मुझे कुछ खिला! मैं भूखा हूं!" (पद- 30)I याकूब ने उत्तर में एसाव से उसका पहिलौठे का जन्मसिद्ध अधिकार माँग लिया (पद-31)। जन्मसिद्ध अधिकार में एसाव का पहिलौठे पुत्र के रूप में विशेष स्थान, परमेश्वर के वादों का आशीर्वाद, विरासत का दोगुना हिस्सा और परिवार का आत्मिक अगुवा होने का विशेषाधिकार शामिल था। अपनी भूख के आगे झुकते हुए, एसाव ने "खाया और पिया" और "अपने पहिलौठे के अधिकार को तुच्छ जाना" (पद 34)।
जब हम प्रलोभित होते हैं और किसी चीज़ की इच्छा करते हैं, तब अपनी भूख को हमें महंगी गलतियों और पाप की ओर ले जाने के बजाय, आइए हम अपने स्वर्गीय पिता के पास जाएं - सिर्फ़ वे ही भूखी आत्मा को "उत्तम पदार्थों से" तृप्त करते है (भजन संहिता 107:9)।

संकट की पुकार
भूकंप के कारण दो मंजिलों के ढहे मलबे के नीचे फंसी पांच वर्षीय सीरियाई लड़की जिनान ने अपने आस पास के मलबे के बीच घिरे हुए अपने छोटे भाई की रक्षा करते हुए उसने बचाव दल को बुलाया, दिल तोड़ देने वाले शब्दों में कहा कि "मुझे यहाँ से बाहर निकालिए; मैं आपके लिए कुछ भी करूंगी, मैं आपकी दासी बन कर रहूंगी।
संपूर्ण भजन संहिता में संकट की पुकार पाई जाती हैं: "मैं ने सकेती में परमेश्वर को पुकारा ,परमेश्वर ने मेरी सुनकर, मुझे चौड़े स्थान पर पहुँचाया"(118:5)। हालाँकि हम कभी भी भूकंप से ढही इमारतों के कुचले हुए भार का अनुभव नहीं करते हैं, हम सभी चुनौतीपूर्ण रोग, आर्थिक कठिनाई, भविष्य के बारे में अनिश्चितता, या रिश्तों को खोने पर दम घुटने वाली आशंकाओं को जानते हैं।
उन क्षणों में हम मुक्ति के लिए परमेश्वर के सामने समझौते का सौदा या सेवा-शर्त का प्रस्ताव रख सकते है। लेकिन परमेश्वर से मदद के लिए हमें उन्हें राज़ी करने की जरूरत नहीं है। वे उत्तर देने का वादा करते है, और हालांकि हम तुरंत अपनी स्थिति में राहत नहीं पाते है, फिर भी वे हमारी ओर से और हमारे साथ है। हमें मृत्यु सहित किसी भी अन्य खतरे से डरने की ज़रूरत नहीं है। हम भजनकार के साथ कह सकते हैं, “यहोवा मेरी ओर मेरे सहायकों में है; मैं अपने बैरियों पर दृष्टी कर संतुष्ट हूँगा” (पद- 7)।
हमें उतने प्रभावशाली या नाटकीय बचाव का वादा नहीं किया गया है जितना कि जिनान और उसके भाई ने अनुभव किया था, लेकिन हम अपने वफादार परमेश्वर पर भरोसा कर सकते हैं, जो भजनकार को "चौड़े स्थान पर" ले आए (पद- 5)। वह हमारी स्थिति जानता है और वह हमें कभी नहीं छोड़ेगा, यहाँ तक कि मृत्यु में भी।
